रोहिणी शहीद स्थल के सौंदर्यीकरण का जल्द होगा कार्य : उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
रोहिणी शहीद स्थल के सौंदर्यीकरण का जल्द होगा कार्य : उपायुक्त


देवघर, 16 जून (हि.स.)। शहादत दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक रोहिणी शहीद स्थल पर मंगलवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज को सलामी देकर की गई। इसके बाद उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, नगर निगम महापौर रवि राउत, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों शहीद सलामत अली, शहीद अमानत अली और शहीद शेख हारून को माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि आजादी की पहली लड़ाई के इन अमर नायकों के सर्वोच्च बलिदान को पूरा राष्ट्र नमन करता है। उन्होंने कहा कि रोहिणी की यह पावन भूमि शहीदों के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की गाथा को जीवंत रखे हुए है। इन वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के विकास में अपना योगदान दें।

उपायुक्त ने कहा कि रोहिणी शहीद स्थल पार्क ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने समिति के सदस्यों से पार्क के विकास के लिए सुझाव देने का आग्रह करते हुए आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग देगा। वहीं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शहीद सलामत अली, अमानत अली और शेख हारून के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी शहादत राष्ट्रभक्ति की अनुपम मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज हम स्वतंत्र भारत में जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह इन्हीं वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है। उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर दिगंबर जैन धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष ताराचंद जैन, समिति अध्यक्ष प्रो रामनंदन सिंह, जिला योजना पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त, जिला खेल पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, अंचलाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story