भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व मंत्री विमला प्रधान को दी गई श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व मंत्री विमला प्रधान को दी गई श्रद्धांजलि


भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व मंत्री विमला प्रधान को दी गई श्रद्धांजलि


रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन के बाद शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। विमला प्रधान का पार्थिव शरीर भाजपा प्रदेश कार्यालय लाया गया, जहां प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का ध्वज भी ओढ़ाया गया।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि विमला प्रधान का हम सबके बीच से जाना भारतीय जनता पार्टी, आदिवासी समाज और पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि विमला प्रधान सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व की धनी थीं। विधायक के रूप में उन्होंने अपने क्षेत्र में अलग पहचान बनाई और संगठन के कार्यों में सदैव बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आदित्य साहू ने कहा कि विमला प्रधान का पार्टी के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार हमेशा स्मरणीय रहेगा। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि विमला प्रधान आदिवासी समाज की प्रमुख नेत्री थीं। उन्होंने हमेशा संगठन के कार्यों को प्राथमिकता दी। पार्टी के प्रति उनका समर्पण, सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन से पार्टी और समाज ने एक समर्पित जननेता को खो दिया है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि विमला प्रधान का सरल व्यवहार, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण लंबे समय तक कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा। उनके सार्वजनिक जीवन और पार्टी संगठन के लिए किए गए कार्यों को हमेशा स्मरण किया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, डॉ. यदुनाथ पांडेय, नीलकंठ सिंह मुंडा, मनोज सिंह, गणेश मिश्रा, शालिनी वैशिखयार, हेमंत दास, समीर उरांव, सुदर्शन भगत, नीरा यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने विमला प्रधान का अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। ----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story