करम महोत्सव को लेकर आदिवासी छात्र संघ ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
करम महोत्सव को लेकर आदिवासी छात्र संघ ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन


रांची, 22 अगस्त (हि.स.)।

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में 19 सितंबर 2026 को प्रस्तावित होनेवाला करम पूर्व संध्या महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन को लेकर आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डॉ) राजीव मनोहर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित अखड़ा में 19 सितंबर 2026 को महोत्सव आयोजित करने की अनुमति मांगी। इसके साथ ही 16 से 21 सितंबर 2026 तक आयोजन की तैयारियों के लिए अखड़ा को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है। छात्र संघ ने मंच, पंडाल और टेंट निर्माण के लिए समय उपलब्ध कराने के अलावा बिजली या जनरेटर, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। कुलपति ने आयोजन में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विवेक तिर्की ने कहा कि करम पर्व आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व है, जो प्रकृति-पूजन, एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। महोत्सव में करम गीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। रांची के 17 आदिवासी बालक और बालिका छात्रावासों के प्रतिनिधियों के साथ डीएसपीएमयू के छात्र-छात्रा भी शामिल होंगे।

प्रतिनिधिमंडल में उपकोषाध्यक्ष पायल बाण्डो, सीमा मुर्मू, रोहित उरांव, प्रतिमा कुमारी, लक्ष्मी उरांव, सीताराम उरांव, रेशमा कुमारी, अनिशा उरांव सहित अन्य सदस्य माैजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story