बिरसा मुंडा ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
बिरसा मुंडा ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ


देवघर, 19 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को स्थानीय केकेएन स्टेडियम में जिला स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण और स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष कुमार सिन्हा एवं नगर आयुक्त सुलोचना मीना के साथ तीरंदाजी कर दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं पारंपरिक जनजातीय खेल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पहचान के प्रतीक हैं। स्वस्थ शरीर और मानसिक विकास के लिए पारंपरिक खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। साथ ही खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए एक सशक्त मंच मिलता है।

19 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 14 से 40 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत व्यक्तिगत स्पर्धाओं में गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़, भारा दौड़ एवं तीरंदाजी को शामिल किया गया है। वहीं टीम स्पर्धाओं में सेकोर, फुटबॉल, हॉकी एवं वॉलीबॉल के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमें आगामी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में देवघर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके बाद प्रमंडल स्तर की विजेता और उपविजेता टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story