ट्रेज़री घोटाले की हो सीबीआई जांच : आजसू

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेज़री घोटाले की हो सीबीआई जांच : आजसू


रांची, 12 अप्रैल (हि.स.)। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के केन्द्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने ट्रेज़री घोटाले की जांच वरीय आईएएस की अध्यक्षता में करवाने का वित्त विभाग का प्रस्ताव को महज छलावा बताया है। कहा कि इससे साफ जाहिर है कि बड़ी मछलियों को बचाने की तैयारी है। पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि ट्रेज़री घोटाले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए सीबीआई को जिम्मा सौंपा जाना चाहिए,तभी सच्चाई सामने आएगी।

प्रभाकर ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ट्रेज़री से निकासी और व्यय की अंतिम जिम्मेवारी एसपी की होती है, जिनकी ओर से डीएसपी (मुख्यालय) को डीडीओ का जिम्मा सौंप दिया जाता है। इसलिए संबंधित डीएसपी और एसपी की भूमिका की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। साथ ही जैप-आईटी की भूमिका, पोर्टल में छेड़छाड़, फर्जी पे–आईडी निर्माण, बैंक खाता बदलना और कई तकनीकी खामियों पर जांच जरूरी है। इसके लिए सीबीआई ही उपयुक्त एजेंसी है।

उन्होंने कहा कि पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड सिपाही और क्लर्क को बताया जा रहा है, जो संभव नहीं लगता। यह मामला सिर्फ वित्तीय अनियमितता तक सीमित प्रतीत नहीं होता, बल्कि यह एक व्यापक और संगठित भ्रष्टाचार की ओर संकेत करता है। राज्य के कई जिलों में, पुलिस विभाग के माध्यम से 35 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध निकासी के मामले सामने आ रहे हैं। तथ्यों से स्पष्ट है कि यह घोटाला अधिक व्यापक और गहरा है। प्रभाकर ने झामुमो महासचिव विनोद पांडे के बयान पर हैरत जताया है जिसमें उन्होंने कहा है कि यह 14 वर्ष पुराना मामला है। सच तो यह है कि उस समय खुद हेमंत सोरेन वित्त मंत्री थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story