पारदर्शिता से हो रही ट्रेजरी से जुड़े घोटाले की जांच : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
पारदर्शिता से हो रही ट्रेजरी से जुड़े घोटाले की जांच : कांग्रेस


रांची, 28 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के आरोपों पर प्रदेश कांग्रेस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा जनता का ध्यान भटकाने के लिए बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित बयानबाज़ी कर रही है।

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा कि ट्रेजरी से जुड़े किसी भी कथित अनियमितता या घोटाले की जांच पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा को पहले तथ्यों को समझना चाहिए, न कि मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर आरोप लगाना चाहिए।

सिन्हा ने कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न स्तरों पर जांच की व्यवस्था की है, जिसमें विभागीय समिति, सीआईडी और एसआईटी का गठन शामिल है। सरकार की ओर से की जा रही कार्रवाई यह दर्शाता है कि सरकार मामले को दबाने नहीं, बल्कि हर पहलू की गहन जांच करने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा की ओर से एसआईटी के गठन और उसकी समयसीमा को लेकर उठाए गए सवालों पर कांग्रेस ने कहा कि किसी भी जटिल वित्तीय मामले की जांच में जल्दबाज़ी करने के बजाय तथ्यों और साक्ष्यों को मजबूत करना अधिक महत्वपूर्ण होता है। जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से काम करने देना चाहिए, ताकि वे बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story