चेंबर ने परिवहन सचिव को पत्र लिखकर की बस के परमिट प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग
रांची, 15 अक्टूबर (हि.स.)। परिवहन व्यवसायियों को बस परमिट के नवीनीकरण, उच्चतर मॉडल की बसों में लगाने और अस्थायी परमिट जारी कराने में हो रही समस्याओं को लेकर गुरुवार को चेंबर भवन में बैठक हुई।
बैठक में विभागीय सचिव को पत्राचार कर बस व्यवसायियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द निराकरण करने का आग्रह किया गया।
मौके पर कहा गया कि बस परमिट के नवीनीकरण के लिए जुलाई 2024 से लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाना आवश्यक है। अधिकांश आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किए गए हैं। ऐसे में वाहन पोर्टल पर उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार परमिट नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करने का सुझाव दिया गया। इसके अतिरिक्त, परमिट पर संचालित पुरानी बसों को उच्चतर मॉडल की नई बसों से प्रतिस्थापित करने की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई।
अस्थायी ठेका परमिट की प्रक्रिया को सरला बनाने पर चर्चा
बैठक में कहा गया कि प्रतिस्थापन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब होने से ऋण और किस्तों पर खरीदी गई नई बसें खड़ी रह जाती हैं, जिससे बस संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इस कार्य को पूर्व की तरह निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने वाली सुगम व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया गया।
बैठक में पूजा, शादी-विवाह, पर्यटन, मेला सहित अन्य आयोजनों के लिए एक से 28 दिनों तक के अस्थायी ठेका परमिट जारी करने की प्रक्रिया को भी सरल बनाने पर चर्चा हुई।
चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने विभागीय सचिव से आग्रह किया कि बस व्यवसायियों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए परमिट संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
बैठक में चेबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

