श्रावणी मेला में परिवहन विभाग ने 15 वाहनों से वसूला 21,550 रुपये जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला में परिवहन विभाग ने 15 वाहनों से वसूला 21,550 रुपये जुर्माना


देवघर, 05 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी ने क्लब ग्राउंड स्थित अस्थायी बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड में अव्यवस्थित ढंग से खड़ी बसों को व्यवस्थित कराया गया। साथ ही मेला स्पेशल वैध परमिट की जांच में सात बसें बिना वैध परमिट के संचालित होती पाई गईं। परिवहन विभाग ने सभी बसों पर कार्रवाई करते हुए कुल 4,550 का जुर्माना वसूला।

जांच के क्रम में देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर ऑटो से श्रद्धालुओं का परिवहन करते हुए भी कई वाहन पकड़े गए। जांच में आठ ऑटो में वैध दस्तावेजों की कमी, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस एवं बीमा संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। विभाग ने इन सभी ऑटो पर कार्रवाई करते हुए 17,000 का जुर्माना लगाया।

निरीक्षण के दौरान कई ऑटो में श्रद्धालुओं को क्षमता से अधिक और असुरक्षित तरीके से बैठाकर ले जाया जा रहा था। जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी श्रद्धालुओं को ऑटो से उतरवाकर सुरक्षित बसों के माध्यम से बासुकीनाथ के लिए रवाना कराया। साथ ही वाहन मालिकों और चालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि श्रावणी मेले के दौरान बिना वैध परमिट एवं आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन करने वालों तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story