स्कूटी का चालान काटने पर ट्रांसजेंडर ने मचाया बवाल

WhatsApp Channel Join Now

रामगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। शहर के सुभाष चौक पर ट्रैफिक पुलिस गुरुवार की दोपहर अचानक असमंजस में पड़ गई। ट्रैफिक पुलिस को एक स्कूटी का चालान काटना काफी महंगा पड़ गया। चालान काटने के लिए अधिकारियों ने जैसे ही स्कूटी की तस्वीर खींची, वहां एक ट्रांसजेंडर आ धमका। उसने ऐसा बवाल मचाया कि वहां मौजूद सभी पुलिसकर्मी हक्के-बक्के रह गए। चालान काटने की बात पर बौखलाए ट्रांसजेंडर ने अपना आपा खो दिया। उसने सरेआम अपने कपड़े उतार दिए। उसकी यह स्थिति देखकर आसपास खड़े लोग भी चकित रह गए।

सुभाष चौक पर ट्रैफिक पुलिस सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक स्कूटी जेएच 24 डी 1695 को रोका। इस स्कूटी पर बरकाकाना ओपी के पोचरा गांव निवासी राज नायक नामक युवक और एक महिला सवार थी। पुलिस ने जब ड्राइविंग लाइसेंस की मांग की तो युवक नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसका आधार कार्ड और स्कूटी के नंबर प्लेट की तस्वीर खींची। साथ ही स्कूटी को किनारे खड़ा करने को कहा।

इसी बीच राज नायक ने फोन कर एक ट्रांसजेंडर को बुला लिया। सुभाष चौक पर लाल रंग की साड़ी पहने दुल्हन के वेश में ट्रांसजेंडर आ धमका। उसने ट्रैफिक पुलिस को जमकर खरी खोटी सुनाई। साथ ही उसने पुलिस को कहा कि राज नायक उसका पति है। उसका चालान पुलिस कैसे काट सकती है। लगभग 10-15 मिनट तक वहां हंगामा चलता रहा। इसी दौरान ट्रांसजेंडर में अपने सारे कपड़े उतार कर खुद को नंगा कर दिया। साथ ही पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। काफी समझाने बुझाने के बाद उस ट्रांसजेंडर ने अपने कपड़े पहने। साथ ही स्कूटी और अपने तथाकथित पति को ट्रैफिक पुलिस से छुड़ाकर चलता बना।

ट्रांसजेंडर जब ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ हंगामा कर रहा था, तो उसका वीडियो ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बनाया। उनका वीडियो बनाना भी ट्रांसजेंडर को रास नहीं आया। उसने उनका मोबाइल छीना और अपने पति की सहायता से वीडियो और फोटो डिलीट कराया।

सुभाष चौक पर ड्यूटी पर मौजूद सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि पूरी घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई है। उनके निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story