एसआईआर को लेकर बीएलओ-सुपरवाईजरों काे दिया गया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर को लेकर बीएलओ-सुपरवाईजरों काे दिया गया प्रशिक्षण


रांची, 23 जून (हि.स.)।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 30 जून 2026 से शुरू होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को रांची जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे दिन मंगलवार को भी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों काे प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, गणना प्रपत्र (इनेमरेशन फॉर्म-ईएफ) के वितरण, संग्रहण और अभिलेखों के संधारण की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 30 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में प्रत्येक मतदाता के घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और भरे हुए प्रपत्रों का संग्रहण सुनिश्चित करेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान कार्य निष्पादन में आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ को सहयोग करें और समय पर गणना प्रपत्र भरकर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story