बीएफसीएल में खाद्य एलर्जी पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित
रामगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। बीएफसीएल ने कर्मचारियों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित किया गया। इस दौरान 'फूड एलर्जेन्स' विषय पर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन बीएफसीएल के फैक्ट्री मेडिकल ऑफिसर डॉ लेख राज ने किया।
उन्होंने कर्मचारियों को खाद्य एलर्जी के प्रमुख कारणों, सामान्य एलर्जेन, उनकी पहचान, बचाव के उपाय और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तैयारी और परोसने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खाद्य एलर्जी के प्रति जागरूकता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करके संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।
प्रशिक्षण में प्लांट प्रबंधन और कैंटीन के कर्मचारियों ने भाग लिया। वहीं अन्य विभागों के कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक सत्र बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों से सुरक्षित भोजन और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन के प्रति सदैव सजग रहने का आह्वान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

