चाईबासा में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी भी करेंगे मार्गदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
चाईबासा में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी भी करेंगे मार्गदर्शन


रांची, 18 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत देशभर में जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्षों का चयन किया गया है। संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से चयनित अध्यक्षों के लिए अब विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में झारखंड के चाईबासा स्थित ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर (टीआरटीसी) में झारखंड और ओडिशा के डीसीसी अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 22 से 31 मार्च तक चलेगा।

मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बुधवार को बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना, जिला स्तर पर नेतृत्व क्षमता का विकास करना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि शिविर में जनसंपर्क, संगठन विस्तार, राजनीतिक रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान राहुल गांधी भी एक दिन के लिए शामिल होकर जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी संबंधित जिला अध्यक्षों से समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने की अपील की है। यह शिविर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story