राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को दिया जनहित में कार्य करने का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को दिया जनहित में कार्य करने का संदेश


राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को दिया जनहित में कार्य करने का संदेश


रांची, 7 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करते हुए उन्हें जनहित एवं राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपार संभावनाएं हैं और राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाते हुए विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए अधिकारियों को समर्पित भाव से काम करना होगा।

राज्यपाल ने अधिकारियों को जमीनी हकीकत से जुड़े रहने की सलाह देते हुए कहा कि नियमित क्षेत्र भ्रमण करें और आम लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक सेवा में किसी व्यक्ति की पहचान उसके कार्य और व्यवहार से बनती है, इसलिए पारदर्शिता, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ काम करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को हर परिस्थिति में सजग और तत्पर रहकर समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी भी उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story