दुमका में अनियंत्रित ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को रौंदा, मौके पर मौत
दुमका, 16 मार्च (हि.स.)। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर तब हुआ जब गिट्टी लदा एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार हारून शेख (30) और बाबूर अली शेख (45) को रौंद दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा के निवासी थे और देवघर में फेरी का काम करते थे। वे ईद मनाने अपने पैतृक घर लौट रहे थे।
हादसे के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सुरक्षा और उचित मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दिया। इसके कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम हटवाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है और ट्रेलर को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

