दामोदर नदी में डूबने से दाे बच्चों की मौत, छठ मनाने बिहार से रामगढ़ आया था परिवार

WhatsApp Channel Join Now
दामोदर नदी में डूबने से दाे बच्चों की मौत, छठ मनाने बिहार से रामगढ़ आया था परिवार


दामोदर नदी में डूबने से दाे बच्चों की मौत, छठ मनाने बिहार से रामगढ़ आया था परिवार


दामोदर नदी में डूबने से दाे बच्चों की मौत, छठ मनाने बिहार से रामगढ़ आया था परिवार


रामगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)।

छठ महापर्व की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। रामगढ़ जिले के सिरका कोलियरी में छठ पूजा मनाने बिहार से आए एक ही परिवार के दो बच्चों की बुधवार को दामोदर नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। दोनों बच्चों को नदी से निकालकर रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र अंतर्गत भूआपुर गांव निवासी छोटू कुमार पासवान (15) और शिवम कुमार पासवान (12) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे मौके पर पहुंचे और बच्चों को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

जानकारी के अनुसार, अजय पासवान छठ महापर्व मनाने अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ बहनोई संजय पासवान के घर सिरका कोलियरी पहुंचे थे। बुधवार को सभी को वापस औरंगाबाद लौटना था। इसी बीच सीसीएल क्वार्टर में पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण नहाने में परेशानी हुई। इसके बाद अजय पासवान अपने बेटे शिवम और भतीजे छोटू कुमार पासवान को लेकर दामोदर नदी में नहाने चले गए।

नदी में नहाने के दौरान अचानक उठी लहर की चपेट में आकर छोटू कुमार पासवान डूबने लगा। उसे बचाने के लिए शिवम कुमार पासवान आगे बढ़ा, लेकिन वह भी नदी में डूब गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों बच्चों को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। बाद में दोनों को नदी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया।

सिरका कोलियरी में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत संजय कुमार पासवान ने बताया कि उनका परिवार सीसीएल क्वार्टर में रहता है। छठ महापर्व के अवसर पर उनकी पत्नी रिंकू देवी ने मायके से रिश्तेदारों को बुलाया था। अजय पासवान अपने बेटे, बेटी और भतीजे के साथ पर्व मनाने पहुंचे थे। बुधवार को सभी की विदाई होनी थी, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को उजाड़ दिया।

अजय पासवान ने हादसे की सूचना अपने परिवार के अन्य सदस्यों को दे दी है। परिजन औरंगाबाद से रामगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story