रांची नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में अपर बाजार के व्यापारियों ने जताया रोष

WhatsApp Channel Join Now
रांची नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में अपर बाजार के व्यापारियों ने जताया रोष


रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। रांची नगर निगम किरायेदार संघ की एक बैठक शनिवार को अग्रसेन भवन में आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम की ओर से हाल के दिनों में किरायेदारों के बीच उत्पन्न अनिश्चितता तथा भवन खाली कराकर मल्टी-स्टोरी भवन निर्माण की संभावित कार्रवाई पर व्यापारियों ने गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया।

बैठक में 150 से अधिक व्यापारियों ने भाग लिया। व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम की प्रस्तावित कार्रवाई से वर्षों से कारोबार कर रहे किरायेदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि बाजार टांड़ में वर्ष 1960 से व्यापारी कारोबार कर रहे हैं। नगर निगम ने केवल जमीन उपलब्ध कराई थी, जबकि दुकानों का निर्माण व्यापारियों ने स्वयं किया और तब से वे वहीं व्यापार कर रहे हैं।

बैठक में बकरी बाजार में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से वहां पार्किंग स्थल बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन नगर निगम ने इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की। उन्होंने मांग की कि किसी भी नई योजना से पहले बकरी बाजार में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान रांची नगर निगम किरायेदार संघ का गठन किया गया और सर्वसम्मति से मुकेश अग्रवाल को अध्यक्ष चुना गया। यह निर्णय भी लिया गया कि तीन अगस्त को झारखंड चेंबर के नेतृत्व में संघ का प्रतिनिधिमंडल झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग के मंत्री से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं और मांगों से अवगत कराएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story