आईआईसीएम में अनियमितता पर श्रमिक संघ ने जताया विरोध
रांची, 19 मार्च (हि.स.)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कोल मैनेजमेंट (आईआईसीएम) रांची में कथित अनियमितताओं को लेकर आईआईसीएम श्रमिक संघ ने विरोध दर्ज कराया है। संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) को शिकायत भेजकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष अजय राय ने गुरूवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि आईआईसीएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस प्रकार की मनमानी और संभावित भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो श्रमिक संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
संघ ने सीवीओ से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि संस्थान में जवाबदेही और पारदर्शिता बनी रहे। श्रमिक संघ के अनुसार, आईआईसीएम के सीनियर मैनेजर (ई एंड एम) रवि रंजन पर नियमों को दरकिनार कर नियुक्तियां कराने का आरोप है।
संघ का कहना है कि आरके कंस्ट्रक्शन (ईलेक्ट्रीकल डिपार्टमेंट) के माध्यम से राहुल यादव और जाहिद अंसारी की नियुक्ति संदिग्ध तरीके से की गई है। इसमें निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और एक यूनियन नेता की मिलीभगत से नियुक्ति होने का आरोप लगाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

