अतिक्रमण मुक्त होगा रामगढ़ शहर, सड़क पर उतरे डीसी-एसपी

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण मुक्त होगा रामगढ़ शहर, सड़क पर उतरे डीसी-एसपी


अतिक्रमण मुक्त होगा रामगढ़ शहर, सड़क पर उतरे डीसी-एसपी


रामगढ 30 सितंबर (हि.स.)। शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने अब सीधा मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार को डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की पूरी टीम सड़क पर उतरी और शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं चौक-चौराहों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां सड़क पर अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग को लेकर अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया, वहीं, यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए कई बड़े फैसले भी लिए गए।

लोहार टोला और थाना चौक मार्ग सहित शहरी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बाद भी सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी।

शहर के व्यस्त नेहरू रोड को नो-पार्किंग जोन बनाने का निर्देश दिया गया है। यहां वाहनों के पड़ाव पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य सड़क पर खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम को खत्म कर यातायात को निर्बाध बनाना है।

वहीं शनिचरा हाट और सुभाष चौक के समीप आधुनिक पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा। इसके अलावा थाना चौक मार्ग, सनिचरा बाजार रोड और चट्टी बाजार क्षेत्र के चौड़ीकरण की दिशा में कार्रवाई होगी। प्रमुख चौराहों का आकार बढ़ाने और शहरी क्षेत्र की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

मौके पर डीसी और एसपी ने दुकानदारों, व्यवसायियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रामगढ़ को जाम-मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान छावनी परिषद के सीईओ विवेक कुमार सिंह, एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, एसडीपीओ आलोक रंजन, मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, अंचल अधिकारी रमेश कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी नवीन कुमार पांडे, रामगढ़ थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story