बाबा बैद्यनाथ मंदिर में स्पर्श पूजा शुरु

WhatsApp Channel Join Now
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में स्पर्श पूजा शुरु


देवघर, 28 अगस्त (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला के 30वें और अंतिम दिन रक्षाबंधन के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में अन्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की भीड़ में कमी देखने को मिली। हालांकि, कांवरियों और शिवभक्तों के सुगम जलाभिषेक को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

मंदिर के कपाट खुलने के बाद अहले सुबह 4:28 बजे से बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से ही बाबाधाम की रूट लाइन में केसरिया वस्त्रों में सजे कांवरियों की कतारें नजर आईं। सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से कतारबद्ध होकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते दिखे।

वहीं, दोपहर बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह से अर्घा हटा दिया गया, जिसके साथ ही स्पर्श पूजा की शुरुआत हो गई। इसके साथ ही एक माह से लगातार बोल-बम के जयघोष से गूंज रही बाबा नगरी का माहौल धीरे-धीरे शांत होने लगा।

श्रावणी मेला के दौरान जहां बाजार और मंदिर क्षेत्र कांवरियों की भीड़ से गुलजार रहा, वहीं अब सड़कों और बाजारों में कांवरियों की चहल-पहल काफी कम हो गई है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिवभक्त बाबा का आशीर्वाद लेकर अगले वर्ष पुनः बाबाधाम आने के संकल्प के साथ अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

हालांकि, श्रावणी मेला की पूर्णाहुति के बाद बाबा नगरी एक बार फिर भादो माह में स्थानीय कांवरियों से गुलजार होने लगेगी। मान्यता है कि भादो माह में स्थानीय कांवरियों के जत्थे सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं और जन्माष्टमी के अवसर पर बाबा का जलाभिषेक एवं स्पर्श पूजा कर पुण्य के भागी बनते हैं।

भादो मेला को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाती हैं, ताकि इस दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कुल मिलाकर, महादेव के आशीर्वाद और प्रशासन की तैयारियों के बीच देवघर का मासव्यापी राजकीय श्रावणी मेला सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अब बाबा नगरी अगले वर्ष फिर देश-दुनिया से आने वाले लाखों शिवभक्तों के स्वागत के लिए तैयार होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story