तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पलटा टोटो, पांच लोग घायल
रांची, 19 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित मोरहाबादी मैदान के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार वाहन ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद उसमें सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग अंदर फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद टोटो में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में सभी को चोटें आई हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में फिलहाल थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे कि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

