डीसी ने अवैध खदानों के मुहाने बंद करने और बालू ढुलाई रोकने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने अवैध खदानों के मुहाने बंद करने और बालू ढुलाई रोकने का दिया निर्देश


रामगढ़, 29 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। मंगलवार को जिला समाहरणालय के सभागार में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को और प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने अवैध खनन के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। डीसी ने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की। अवैध मुहानों को बंद करने की कार्रवाई की जानकारी लेते हुए डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कहीं भी बंद किए गए अवैध मुहाने से दोबारा खनन की सूचना मिले तो तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने अवैध मुहानों को पूरी तरह बंद कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

खनिजों के परिवहन में लगे सभी वाहनों में जीपीएस लगाने का निर्देश दिया गया। इसके माध्यम से खनिज परिवहन की निगरानी और अनियमितताओं पर नियंत्रण रखने पर जोर दिया गया।

डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जिले में अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिया। संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और सूचना मिलने पर कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में जिले में संचालित कारखानों और फैक्ट्रियों की भी सघन जांच करने का निर्देश दिया गया। निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं करने वाली संस्थाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story