टीएसपीसी प्रमुख ब्रजेश गंझू की मुठभेड़ पर पूर्व विधायक और भाई ने उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
टीएसपीसी प्रमुख ब्रजेश गंझू की मुठभेड़ पर पूर्व विधायक और भाई ने उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग


चतरा, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रविवार को यूपी एटीएस के साथ मुठभेड़ में मारे गए टीएसपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता की मुठभेड़ पर सिमरिया के पूर्व विधायक और उसके भाई गणेश गंझू ने सवाल उठाए हैं। सोमवार को शव पैतृक गांव लावालौंग के लुट्टू सोहावन पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने मुठभेड़ को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।

गणेश गंझू ने आरोप लगाया कि ब्रजेश को चतरा से पकड़कर वाराणसी ले जाया गया और वहां उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने पुलिस के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि बाइक से जा रहे ब्रजेश ने पुलिस पर गोलीबारी की थी। उन्होंने सवाल किया कि बाइक चलाते हुए कोई व्यक्ति दोनों हाथों से एक साथ फायरिंग कैसे कर सकता है।

हालांकि, पुलिस के अनुसार ब्रजेश अपने एक सहयोगी के साथ बाइक से जा रहा था। उसे रोकने की कोशिश के दौरान उसने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया।

पूर्व विधायक ने झारखंड पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए दावा किया कि पहले ब्रजेश का इस्तेमाल माओवादियों के खिलाफ किया गया और बाद में उसे मरवा दिया गया। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही नक्सलवाद की समस्या से निपटने के लिए दीर्घकालिक नीति बनाने की आवश्यकता जताई।

उल्लेखनीय है कि ब्रजेश गंझू पर झारखंड सरकार और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ झारखंड के विभिन्न जिलों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कही गई है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story