मुहर्रम को लेकर रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 10 हजार से अधिक सुरक्षाबल रहेंगे तैनात

WhatsApp Channel Join Now
मुहर्रम को लेकर रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 10 हजार से अधिक सुरक्षाबल रहेंगे तैनात


मुहर्रम को लेकर रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 10 हजार से अधिक सुरक्षाबल रहेंगे तैनात


रांची, 26 जून (हि.स.)। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने मुहर्रम को लेकर राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रांची सहित राज्य के सभी संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पूरे राज्य में विधि व्यवस्था को लेकर 10 हजार से अधिक सुरक्षाबलों की तैनाती की गयी है। इसमें जिला बल, जैप, रैफ, सैफ, आइआरबी सहित अन्य बल शामिल हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने के लिए जिलों में विशेष तैयारी की गई है। झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से भी राज्य के सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। खासकर वैसी जगहों पर जहां पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं घटी है। इनमें रांची, जमशेदपुर, पलामू, बोकारो, गिरिडीह, लोहरदगा, हजारीबाग में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।

इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने का आदेश भी जिलों के एसपी को दिए गए हैं। 27 जून को झारखंड की राजधानी रांची सहित हर जिले में मुहर्रम का भव्य जुलूस निकाला जाएगा। मुहर्रम के जुलूस को लेकर सुरक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस की टीम ने सभी रूटों का निर्धारण कर लिया है, जहां से मुहर्रम का जुलूस निकलेगा। रांची पुलिस के सीनियर अफसरों की ओर से खुद से ही जुलूस रूट का निरीक्षण किया गया। रांची जिला प्रशासन की तरफ से अखाड़ाधारियों से अपील की गई है कि वे तय रुट से ही समय पर जुलूस निकालें और वापस लौटें। अखाड़ाधारियों को यह भी साफ निर्देश दिए गए हैं कि जुलूस में असामाजिक तत्व शामिल न हों, इसे लेकर सजग रहें। इसके साथ ही किसी भी तरह के खतरनाक कारनामे जुलूस में न हो, इसका भी सभी अखाड़ाधारी ध्यान रखें।

वहीं रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मुहर्रम को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। रांची में मुहर्रम का जुलूस 27 जून को निकाला जाएगा। जुलूस में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस पूरी तरह से अलर्ट पर है। सुरक्षा के मद्देनजर जिलेभर में 06 हजार अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की जाएगी, शहर में लगे सीसीटीवी कैमरा से पूरे जुलूस की निगरानी की जाएगी। जुलूस की मानिटरिंग कंट्रोल रूम से होगी। इसके लिए कंट्रोल रूम में भी जवानों की तैनाती की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story