खेत में काम कर रहे युवक पर आकाशीय बिजली गिरने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
खेत में काम कर रहे युवक पर आकाशीय बिजली गिरने से मौत


चतरा, 10 अगस्त (हि.स.)। जोरी थाना क्षेत्र के सलैया पंचायत के पुस्तिया गांव में सोमवार की शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पुस्तिया गांव निवासी जादो यादव के पुत्र विगेश कुमार के रूप में हुई है। विगेश कुमार सोमवार की शाम खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी । इसकी चपेट में आने से विगेश गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सूचना दी। सूचना पर पंचायत के मुखिया मनोज पासवान तथा प्रमुख प्रतिनिधि सह राजद नेता कमलेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story