महिला पर आकाशीय बिजली गिरने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
महिला पर आकाशीय बिजली गिरने से मौत


दुमका।, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिमरा लकड़बांक गांव में बुधवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 35 वर्षीय प्रेमलता देवी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार प्रेमलता देवी गांव के डंगाल में भैंस चरा रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। वहीं पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया।

थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि इस मामले में मृतका के परिजनों की ओर से हंसडीहा थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story