सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत
सिमडेगा, 07 नवंबर (हि.स.)। सिमडेगा जिला में कोलेबिरा थाना क्षेत्र के लचरागढ़ स्थित देवनदी पुल पर शनिवार शाम भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि बानो से लचरागढ़ की ओर जा रही एक बोलेरो और विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। वहीं बाइक पर तीन युवक सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिर पड़े और एक पुल के नीचे जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए। मृतकों में एक की पहचान सिजांग निवासी दयानंद सिंह के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य युवकों की पहचान नहीं हो सकी है।
इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही बानो थाना और कोलेबिरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। एक साथ तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस अज्ञात दोनों युवकों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

