आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत, कई हुए घायल

WhatsApp Channel Join Now
आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत, कई हुए घायल


दुमका, 04 अगस्त (हि.स.)। जिला के रामगढ़ प्रखंड में मंगलवार को जोरदार हुई बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत हो गई है। जबकि कई के घायल होने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक रामगढ़ प्रखंड के गिदबोना गांव में धान रोपाई के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से 20 वर्षीय आलतामुनि मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई।

आलतामुनि मरांडी मूल रूप से मडगामा गांव की रहने वाली थीं तथा उनका विवाह गिदबोना गांव में हुआ था। घटना के समय वह अपने पति राजेंद्र मुर्मू और 4 वर्षीय बच्चे के साथ खेत में धान रोप रही थीं। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनके पति और बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। दोनों की भी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

वहीं प्रखंड क्षेत्र के छोटी रनबहियार पंचायत के खुदीमेरखो गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से 30 वर्षीय बाबूलाल हेंब्रम की मौत हो गई। बताया जाता है कि बाबूलाल अपनी मां के साथ खेत में काम करने गए थे। कुछ समय बाद उनकी मां घर लौट आई, जबकि बाबूलाल खेत में ही काम करते रहे। इसी दौरान लगभग दो घंटे तक लगातार हुई भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई है। जबकि आकाशीय बिजली से रामगढ़ प्रखंड के ही डूमरजोर निवासी रोहित कुंवर (30) की मौत हो गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story