पुतला दहन को लेकर हंगामा मामले में रिफॉर्म मंच से जुड़े लोगों के खिलाफ तीन एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
पुतला दहन को लेकर हंगामा मामले में रिफॉर्म मंच से जुड़े लोगों के खिलाफ तीन एफआईआर


रांची, 22 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान रांची में हुए हंगामे और मारपीट के मामले को लेकर कोतवाली थाना में तीन एफआइआर दर्ज करवाई गई है। गत शुक्रवार को पुतला दहन के दौरान जमकर मारपीट और हंगामा हुआ था। शुक्रवार को हुई घटना को लेकर रांची के कोतवाली थाना में शनिवार को तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है। इनमें दो शिकायतें अंकिता वर्मा और शाहबाज की ओर से, जबकि तीसरी प्राथमिकी एक मजिस्ट्रेट की ओर से दर्ज कराई गयी है। पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में कुल 14 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।

इस घटना की शुरुआत उस समय हुई, जब जेपीएससी -जेएसएससी रिफॉर्म मंच की अगुवाई में छात्र रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर रहे थे। छात्र जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों में सुधार और कथित अनियमितताओं के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रहे हैं। शुक्रवार को भी मंच के बैनर तले छात्र अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे, यहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने छात्रों को पुतला जलाने से रोकने का प्रयास किया। पुतला दहन को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

इस घटनाक्रम के अनुसार, पुतला दहन रोकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई और देखते ही देखते मामला अल्बर्ट एक्का चौक से आगे भी फैल गया। इस हंगामे के दौरान अल्बर्ट एक्का चौक, सदर अस्पताल और जेपीएससी कार्यालय के आसपास भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी। इस दौरान कई लोगों के घायल भी हुए।

इस घटना के बाद मामले को लेकर अंकिता वर्मा और शाहबाज की ओर से अलग-अलग शिकायतें दी गईं। दोनों ने आरोप लगाया कि पुतला दहन कर रहे छात्रों की ओर से उनके साथ मारपीट की गई। इन्हीं शिकायतों के आधार पर कोतवाली थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अलावा घटनाक्रम को लेकर एक मजिस्ट्रेट की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस के अनुसार, तीनों प्राथमिकी को मिलाकर कुल 14 लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी प्राथमिकी में आरोपित बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी में कुणाल कुमार, पीयूष, रविंद्र पासवान, चंडी तिवारी, चितरंजन कुमार, सौरव, वीरेंद्र प्रताप और सुमित शर्मा सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

तीनों मामले दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के अनुसार नामजद और अज्ञात आरोपितों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के कई वीडियो फुटेज भी पुलिस को मिले हैं, उसके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story