पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार, मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
देवघर, 29 जुलाई (हि.स.)। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 03 मोबाइल फोन और 02 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका उपयोग साइबर ठगी में किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर जिले में संदिग्ध साइबर अपराधियों के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपित फर्जी ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक, केवाईसी अपडेट, बैंकिंग सहायता और एपीके फाइल भेजने के नाम पर ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपिों में से एक पहले भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है।
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर एपीके फाइल डाउनलोड न करें, अपनी बैंकिंग जानकारी या ओटीपी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाना को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

