गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर का नंबर डालकर 19.85 लाख की साइबर ठगी, तीन आरोपित गिरफ्तार
रांची, 19 मार्च (हि.स.)। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने लाखों रूपये की ठगी मामले में तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में रवि कुमार साव, सूरज कुमार ठाकुर और सागर कुमार यादव शामिल हैं। तीनों हजारीबाग जिले के निवासी हैं। इनके पास से ठगी में इस्तेमाल सिम कार्ड, मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य बरामद किया गया है।
सीआईडी डीसीपी नेहा बाला ने गुरुवार रात को बताया कि इस संबंध में पीड़ित ने 3 नवंबर 2025 को सीआईडी रांची के साइबर क्राइम थाना (कांड संख्या 141/25) दर्ज कराया था। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया था कि गूगल सर्च इंजन पर गेल इंडिया कस्टमर केयर का फर्जी नंबर डालकर गैस कनेक्शन देने के नाम पर उससे 19 लाख 85 हजार 73 रुपये की ठगी कर ली गई।
पीड़ित ने बताया कि साइबर अपराधियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक फर्जी लिंक भेजा। लिंक के जरिए उसके बैंक खाते से अवैध रूप से बड़ी रकम ट्रांसफर कर ली गई। यह ठगी पूरी तरह से सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी, जिसमें तकनीकी माध्यमों का दुरुपयोग किया गया।
डीएसपी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना, रांची की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर तीन आरोपितों की पहचान की। इसके बाद हजारीबाग पुलिस के सहयोग से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

