ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, बाइक जब्त
रामगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले की पुलिस ने नशाखोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जानकारी शनिवार को पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
उन्होंने बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ब्राउन शुगर (हेरोइन) की तस्करी कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ है। साथ ही बिना नंबर प्लेट की एक बजाज पल्सर डोमिनार बाइक को जब्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीते शुक्रवार की रात तीन युवक बिना नंबर प्लेट की हरे और काले रंग की बजाज पल्सर डोमिनार बाइक से अवैध ब्राउन शुगर लेकर भुरकुंडा से रामगढ़ मुख्य मार्ग होते हुए बरकाकाना की ओर जा रहे थे। छापेमारी दल ने भदानीनगर ओपी गेट के सामने मुख्य मार्ग पर एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मतकमा चौक की ओर से आ रही संदिग्ध डोमिनार बाइक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस बल को देखकर बाइक सवार भागने का प्रयास करने लगे।
छापेमारी दल ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को धर दबोचा। बताया गया कि अंचलाधिकारी पतरातू की उपस्थिति में विधिवत तलाशी लेने पर तीनों के पास से 40 पुड़िया जिसका कुल वजन 13.65 ग्राम टेप सहित ब्राउन शुगर बरामद की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में एजाज अंसारी उर्फ विक्की (26),अजमत अंसारी (27) और राहुल कुमार बेदिया (25) शामिल हैं। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को शनिवार को जेल भेज दिया गया।
अभियुक्तों के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू मशीन,एक बंडल क्रीम रंग का टेप और चार मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। छापेमारी दल में पतरातू इंस्पेक्टर सतेंद्र कुमार सिंह,भदानीनगर ओपी प्रभारी मो अख्तर अली,पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, सअनि संजय कुमार सिंह शामिल थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

