मांडर में सुतली बम से हमला करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मांडर में सुतली बम से हमला करने के आरोप में तीन गिरफ्तार


रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची के मांडर में 30 जून को सुबह कुलदीप खलखो के घर पर किसी अज्ञात अपराधी की ओर से सुतली बम फेंका गया था जिससे घर का छत टूट गया। पुलिस को घर से बाहर एवं छत पर तीन जिंदा सुतली बम पड़ा हुआ मिला।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही खलारी पुलिस उपाधीक्षक आरएन चौधरी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल ग्राम-बोण्डो स्थित कुलदीप खलखो के घर पर पहुंची तो देखा कि घर के दक्षिण तरफ एक फटा हुआ देसी सुतली बम का अवशेष बिखरा हुआ है और घर के आस-पास तीन जिंदा सुतली बम पड़े हुए हैं।

पुलिस टीम की ओर से कागजी कार्रवाई पूरी कर तीनों बम को बीडीएस टीम की मदद से निष्क्रिय किया गया और कुलदीप खलखो एवं उनके परिजनों से विस्तार से पूछताछ की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल समीर केरकेट्टा को महज छह घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। इसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इटकी, बेड़ो थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कांड में शामिल सरीता कुजूर, तबरेज अंसारी को गिरफ्तार किया गया एवं दो विधि विरूद्ध किशोर को निरूद्ध किया गया। साथ ही मामले में इस्तेमाल किया गया 02 मोबाईल फोन एवं 01 मोटरसाईकिल को जब्त किया गया।

अनुसंधान के क्रम में घटना के कारण के संबंध में पता चला कि कांड के वादी कुलदीप खलखो का संबंध एक वर्ष पूर्व सरीता कुजूर से था लेकिन बीच में सरीता कुजूर अभियुक्त समीर केरकेट्टा के साथ प्रेम करने लगी और उसी के साथ रहने लगी। जिस कारण कुलदीप खलखो एवं समीर केरकेट्टा के बीच मतभेद हो गया था।

इसी बात को लेकर कुलदीप खलखो की हत्या करने के नियत से उपरोक्त सभी अभियुक्तों के जरिये एक साजिश के तहत कुलदीप खलखो के सोने वाले कमरे के छत पर चार देसी सुतली बम फेंका गया, लेकिन फेके गए बम से किसी की जान माल की क्षति नहीं हुई। यह घटना प्रेम प्रसंग का है। घटना के पूर्व अपराधियों की ओर से कुलदीप खलखों के घर की रेकी की गई थी और समीर केरकेट्टा को तबरेज अंसारी एवं अन्य को जंगल क्षेत्र में जाकर बम फेंकने का रिहर्सल कराया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story