जमीन विवाद में हुए फायरिंग मामले में तीन गिरफ्तार, हथियार बरामद
रांची, 09 मई (हि.स.)। नगड़ी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में तुसमो निवासी अनुप कुमार, रमेश गोप और प्रताप गोप शामिल हैं।
आरोपितों के पास से दो पिस्टल, 13 राउंड जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किया गया हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शनिवार को बताया कि ०8 मई की शाम में सूचना मिली थी कि कोलांबी गांव में जमीन विवाद को लेकर अनुप कुमार और उसके सहयोगियों ने फायरिंग की है।
सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना में सन्हा दर्ज कर मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तुसमो गांव में छापेमारी कर अनुप कुमार को हिरासत में लिया।
पूछताछ में उसने फायरिंग की घटना को स्वीकार कर लिया। बताया कि घटना के बाद दो पिस्टल और बचे कारतूस अपने दोस्त रमेश गोप के घर में छिपा दिए थे।
इसके बाद पुलिस ने रमेश गोप के घर पर छापेमारी की। वहां से रमेश गोप और प्रताप गोप को पकड़कर पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर घर से दो पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किया गया। हथियारों के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया।
मामले में नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है।
छापेमारी दल में नगड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

