स्पा सेंटर में मसाज के नाम पर बुलाकर मारपीट और ब्लैकमेलिंग के तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
स्पा सेंटर में मसाज के नाम पर बुलाकर मारपीट और ब्लैकमेलिंग के तीन आरोपित गिरफ्तार


स्पा सेंटर में मसाज के नाम पर बुलाकर मारपीट और ब्लैकमेलिंग के तीन आरोपित गिरफ्तार


रांची, 27 सितंबर (हि.स.)। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में स्पा सेंटर में मसाज कराने के नाम पर एक युवक को बुलाकर कमरे में बंद करने, मारपीट करने, पैसे और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित मो नसीम की शिकायत पर नामकुम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित सानिया प्रवीण, उसके पति मो हैदर और मो वसीम उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 24 सितंबर 2026 की है। मो नसीम ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 10.30 बजे उसके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। फोन पर महिला की आवाज थी। महिला ने कथित तौर पर अपना परिचय सानिया परवीन के रूप में देते हुए कहा कि उसने मौलाना आजाद कॉलोनी में स्पा सेंटर खोला है और वहां मसाज कराने आ सकते हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, बातचीत के बाद वह शाम करीब 6.30 बजे महिला के बताए मौलाना आजाद कॉलोनी की गली नंबर-11 में पहुंचा।

नसीम ने आरोप लगाया कि वहां पहुंचने पर उसने देखा कि घर के अंदर सानिया परवीन उर्फ बेबी मौजूद थीं। उसके साथ एक अन्य महिला और दो युवक भी थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि बातचीत के दौरान अचानक सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज की गई और उसे डराया-धमकाया गया। इसी दौरान आरोपितों ने उसके पास रखे 46 हजार रुपये नकद और गले में पहनी सोने की चेन कथित तौर पर छीन ली।

पुलिस को दिए आवेदन में मो नसीम ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसकी कथित वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे छोड़ने के लिए ०8 हजार की मांग की गई। आरोप है कि दबाव में उसने बताए गए पेटीएम/यूपीआई नंबर पर रकम भेजी। इसके बावजूद स्पा से निकलने के बाद भी कथित तौर पर धमकी और पैसे की मांग जारी रही।

नसीम का आरोप है कि इसके बाद एक अन्य मोबाइल नंबर से भी उसे लगातार फोन कर पैसे की मांग की जा रही थी। उसने पूरे मामले की जानकारी नामकुम थाना पुलिस को दी और सानिया परवीन सहित उसके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में एफआईआर दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई सुनील कुमार गोंड को सौंपी गई। पुलिस ने फोन कॉल, मोबाइल नंबर, यूपीआई लेनदेन और वीडियो से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच की और स्पा सेंटर में पहुंचकर पड़ताल की। जिसमें शिकायत सही पाई गई। डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने रविवार को बताया कि आरोपितों ने 25 सितंबर को मो नसीम को मसाज के नाम पर घर बुलाया था। वहां उसके साथ मारपीट कर 46 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली गई थी। उसके बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे मसाज के बहाने स्पा सेंटर में लोगों को बुलाते थे और सहयोगियों के साथ मिलकर मारपीट कर उनके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाते थे। इसके बाद वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रुपये और सामान वसूलते थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story