यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन आरोपित पकड़ाये
रांची, 04 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची में यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का धुर्वा पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। इस कार्रवाई में कुल तीन लोगों को पकड़ा गया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है।
सिटी एसपी पारस राणा ने शनिवार को बताया कि हटिया स्टेशन से ई-रिक्शा बुक करके रांची रेलवे स्टेशन जा रहे एक यात्री से लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने महज कुछ ही मिनटों के भीतर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गये आरोपितों में दो युवक और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल ई-रिक्शा, लूटा गया बैग, पांच हजार रुपये नकद और एक प्रिंटर भी बरामद किया है।
बेंगलुरु से रांची पहुंचे यात्री ने हटिया रेलवे स्टेशन से रांची रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक ई-रिक्शा बुक किया। लेकिन रास्ते में चालक और उसके साथियों ने धुर्वा थाना क्षेत्र में यात्री को अपने कब्जे में लेकर उससे लूटपाट की। इस घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और कुछ ही मिनटों के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपितों को दबोच लिया।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धीरज कुमार सिंह और मेजर यादव के रूप में हुई है, जबकि उनके साथ घटना में एक नाबालिग भी शामिल था, जिसे निरुद्ध किया गया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट में इस्तेमाल ई-रिक्शा, यात्री का बैग, पांच हजार रुपये नकद और एक प्रिंटर बरामद किया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपितों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और ये लोग पूर्व में भी यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

