अरगोड़ा अंचल के राजस्व-कर्मी हत्याकांड में तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अरगोड़ा अंचल के राजस्व-कर्मी हत्याकांड में तीन आरोपित गिरफ्तार


रांची, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार में अरगोड़ा अंचल के राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रदीप गोसाई, अमित टोप्पो उर्फ अमित गोसाई और सिंधु कुमार गोसाई के रूप में हुई है।

डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि लक्ष्मीकांत मुंडा की उनके जोरार स्थित आवास पर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था।

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बड़ा घाघरा मौजा स्थित करीब 96 डिसमिल जमीन के दाखिल-खारिज और म्यूटेशन को लेकर विवाद चल रहा था।

मृतक राजस्वकर्मी ने जमीन के दस्तावेजों और वंशावली की जांच में गड़बड़ी मिलने पर कई नामांतरण मामलों में प्रतिकूल रिपोर्ट दी थी। इसके आधार पर अंचल कार्यालय ने कुछ दाखिल-खारिज के आवेदन खारिज कर दिए थे। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश रची और 23 अक्टूबर की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य तीन आरोपित भोला गोसाई, अमित सिंह और शैलेश फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769638 Articles

Share this story