झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खंगाला पूरा परिसर, एफआईआर दर्ज
रांची, 21 अगस्त (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के कुछ कर्मचारियों को फोन कर विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने कर्मचारियों से विधानसभा नहीं जाने की बात भी कही। मामले में रांची के विधानसभा थाने में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी की जानकारी 20 अगस्त को मिली। मामला सामने आते ही रांची पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए विधानसभा परिसर की सुरक्षा जांच कराई। बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की टीम ने पूरे परिसर को बारीकी से खंगाला और हर संभावित स्थान की जांच की। हालांकि, जांच के दौरान कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस के वरीय अधिकारियों के मुताबिक धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। आरोपित की पहचान के लिए तकनीकी टीम को लगाया गया है। पुलिस कॉल की पूरी डिटेल खंगालने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी किसने और किस मकसद से दी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी रांची में सिविल कोर्ट, उपायुक्त कार्यालय, पासपोर्ट कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों और निजी मॉल को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। सिविल कोर्ट और उपायुक्त कार्यालय को कई बार निशाना बनाने की धमकी दी गई। हालांकि, हर बार बीडीएस टीम की जांच में धमकी अफवाह साबित हुई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

