बासुकीनाथ धाम में तीसरी सोमवारी पर दो लाख कावरियां ने किया जलाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
बासुकीनाथ धाम में तीसरी सोमवारी पर दो लाख कावरियां ने किया जलाभिषेक


दुमका, 17 अगस्त (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 19 वें दिन तीसरी सोमवारी की शाम 05 बजे तक कुल 1,81,984 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। शीघ्रदर्शनम से 2483 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। शीघ्र दर्शनाम से 12,41,500 रुपये,गोलक से 1,44,670 रुपये सहित अन्य स्रोत से 16170 रुपये प्राप्त हुए।

बासुकीनाथ में सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित तरीके से बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण कराने को लेकर प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

इसी क्रम में डीसी अभिजीत सिन्हा ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की। कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं की भीड़, कतार की स्थिति, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, जलार्पण व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों की स्थिति का अवलोकन किया गया। डीसी ने कंट्रोल रूम में मौजूद पदाधिकारियों से मेला क्षेत्र की पल-पल की स्थिति की जानकारी ली और भीड़ के बढ़ने वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस बल अपने-अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल पर पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहें और अनावश्यक रूप से अपने कर्तव्य स्थल को नहीं छोड़ें। श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित रखने, बैरिकेडिंग का पालन कराने और निर्धारित मार्ग से ही श्रद्धालुओं के आवागमन को सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस दौरान एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार स्वयं मेला क्षेत्र में उपस्थित रहकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

महत्वपूर्ण स्थलों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ की स्थिति के अनुसार आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा बासुकीनाथ के दर्शन एवं जलार्पण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बासुकीनाथ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने निर्धारित कतार एवं अर्घा व्यवस्था के माध्यम से बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण कर रहे हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित जलार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story