खिड़की की ग्रील खोलकर घर में घुसे चोर, 25 लाख के जेवरात नकदी उड़ाए
दुमका, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दुमका शहर के सराय रोड मोहल्ले में वंदना स्टेशनरी स्टोर्स के संचालक अशोक मोदी के घर चोरों ने खिड़की की ग्रील खोलकर करीब 25 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिये। चोरी की यह वारदात हाल में शास्त्री नगर में हुई चोरी की घटना के तरीके से मिलती-जुलती बताई जा रही है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।
बताया गया कि रविवार की देर रात चोरों ने पहले खिड़की की जाली काटी और इसके बाद स्क्रू खोलकर ग्रील हटा दी। खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश करने के बाद चोरों ने तीन स्टील अलमारियों के आधा दर्जन से अधिक लॉकर तोड़े। इसके बाद अलमारियों में रखे जेवरात के डिब्बे निकालकर उसमें मौजूद आभूषण लेकर फरार हो गए।
जिस कमरे में चोरी हुई, उसमें रात के समय कोई नहीं सोया था। परिवार के अन्य सदस्य घर के दूसरे कमरों में सो रहे थे। चोरों ने कमरे में रखे कपड़े और अन्य सामान को हाथ नहीं लगाया। उन्होंने मुख्य रूप से अलमारियों में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर कमरे और अलमारियों का सामान अस्त-व्यस्त मिला।
गृहस्वामी ने घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में एसडीपीओ दिलीप खलखो, प्रभारी थानेदार जगन्नाथ धान और एसआई राजीव रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों की भी जांच की।
पुलिस आसपास के घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात को एक से अधिक अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज, संभावित रास्तों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।
हाल में शास्त्री नगर में हुई चोरी की घटना में भी खिड़की की ग्रील हटाकर घर में प्रवेश किया गया था। दोनों घटनाओं में चोरी के तरीके की समानता को देखते हुए पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

