झारखंड के 08 जिलों में 24 मई को बारिश, आकाशीय बिजली गिरने की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के 08 जिलों में 24 मई को बारिश, आकाशीय बिजली गिरने की संभावना


रांची, 23 मई (हि.स.)। राज्य के 08 जिलों में 24 मई को गर्जन के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इस दौरान राज्य के तीन जिलों गढ़वा, पलामू और चतरा में हीट वेव (लू) चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के जिन ०८ जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है उनमें गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 44.4 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री गोड्डा में रिकॉर्ड किया गया।

कालियासोल ४०. २ मिमी बारिश दर्ज

इस दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के कलियासोल में 40.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। साथ ही इस दौरान राज्य के जिन अन्य इलाकों में बारिश दर्ज की गई, उनमें अमरपारा में 16 मिमी, जामताड़ा में 8.6 मिमी, नारायणपुर में 4.6 मिमी, पुटकी में 4.4 मिमी और पंचेत डीवीसी में 2.8 मिलीमीटर सहित अन्य इलाके शामिल हैं। शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और दिनभर प्रचंड गर्मी महसूस की गई।

टेम्परेचर अपडेट

शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 38.6 डिग्री और न्यूनतम 29.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 42.1 और न्यूनतम 22.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 41.5 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story