चोरी का खुलासा, गिरोह का सरगना सहित दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
चोरी का खुलासा, गिरोह का सरगना सहित दो गिरफ्तार


चोरी का खुलासा, गिरोह का सरगना सहित दो गिरफ्तार


रांची, 15 जून (हि.स.)। नामकुम थाना क्षेत्र में हुए 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी मामले का रांची पुलिस ने सफल खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चोरी के संगठित गिरोह के सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल और कृष्णा कुमार को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने सोमवार को बताया कि शेख अफरोज का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वह 15 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के क्रम में पुलिस ने चोरी के जेवरात खरीदने के आरोप में लोवाडीह स्थित महारानी ज्वेलर्स के संचालक कृष्णा कुमार को भी गिरफ्तार किया है।

एसपी ने बताया कि चोरी के गहनों को गलाकर नए आभूषण तैयार किए जाते थे, ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके और उन्हें आसानी से बाजार में बेचा जा सके।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 212 ग्राम सोना, 18 किलोग्राम चांदी, एक लाख रुपये नकद, एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि 6 से 7 सदस्यों का एक संगठित गिरोह बंद और सुनसान मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर घर खाली होने की पुष्टि के बाद वारदात को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के फरार अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रांची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय पड़ोसियों को सूचना दें। सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और लंबे समय तक घर बंद रखने की स्थिति में स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी जरूर दें, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story