रांची के सुखदेवनगर में बंद घर का ताला तोड़कर चोरी, नकदी-जेवर समेत लाखों का सामान गायब

WhatsApp Channel Join Now
रांची के सुखदेवनगर में बंद घर का ताला तोड़कर चोरी, नकदी-जेवर समेत लाखों का सामान गायब


रांची, 25 मई (हि.स.)। राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक बंद पड़े घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना सोमवार को उस समय प्रकाश में आई जब घर मालिक वापस लौटे।

पीड़ित मनोज कुमार गुप्ता चतरा सिविल कोर्ट में कार्यरत हैं। उन्होंने सुखदेवनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि घटना के समय वे चतरा में थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया।

घर लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर का पूरा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने गोदरेज, अटैची, पूजा की अलमारी और दीवान का लॉकर तोड़कर सामान खंगाल लिया।

पीड़ित के अनुसार, घर से करीब 16 से 18 हजार रुपये नकद, सोने का कान का सेट, चांदी का गले का सेट, तीन जोड़ी बिछिया, महंगी साड़ियां, अन्य कपड़े तथा एक इंडक्शन चूल्हा चोरी हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सुखदेवनगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story