दिनदहाड़े बंद फ्लैट में चोरी, 35 लाख से अधिक के जेवरात और नकदी लेकर चोर फरार

WhatsApp Channel Join Now
दिनदहाड़े बंद फ्लैट में चोरी, 35 लाख से अधिक के जेवरात और नकदी लेकर चोर फरार


रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सुकीर्ति अपार्टमेंट में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी और हीरे के जेवरात, नकदी, कीमती घड़ियां और जमीन के जरूरी दस्तावेज चोरी कर फरार हो गये।

चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपये से अधिक की बताई जा रही है। घटना सुकीर्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-201 की है।

घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने तीनों अलमारियों के ताले तोड़कर उसमें रखे जेवरात, नकदी और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए थे।

पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान में हीरे की अंगूठी, सोने की अंगूठियां, नेकलेस सेट, सोने की चेन, करीब 16 पीस सोने की बालियां, सोने की चूड़ियां और सोने के सिक्के सहित कई अन्य जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा घर से करीब 14 कीमती घड़ियां, गोमो स्थित जमीन के मूल दस्तावेज और करीब 1.10 लाख से 1.30 लाख रुपये नकद भी गायब मिले। पीड़ित ने चोरी गए जेवरात और अन्य सामान की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक बतायी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

मामले को लेकर फ्लैट मालिक संजू चट्टोराज ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। जानकारी के अनुसार घरवाले सुबह घर से निकले, शाम को लौटे तो दरवाजा टूटा मिला। प्राथमिकी के अनुसार, संजू चट्टोराज और उनकी पत्नी सेवा सदन में काम करते हैं। रविवार की सुबह करीब 10 बजे दोनों रोज की तरह घर बंद कर काम पर चले गए थे। शाम करीब ०6 बजे जब वे वापस लौटे तो फ्लैट का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story