विश्व रंगमंच दिवस पर 13वें छोटानागपुर नाट्य महोत्सव का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
विश्व रंगमंच दिवस पर 13वें छोटानागपुर नाट्य महोत्सव का शुभारंभ


-‘इंतकाम-ए-मुगले आजम’ ने जीता दर्शकों का दिल

रांची, 27 मार्च (हि.स.)। विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर रांची में झारखंड फिल्म एंड थिएटर अकादमी (जेएफटीए) के स्टूडियो थिएटर में शुक्रवार को 13वें छोटानागपुर नाट्य महोत्सव ‘कांति कृष्ण सम्मान’ का शुभारंभ हुआ। यह महोत्सव युवा नाट्य संगीत अकादमी के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जो चार दिनों तक चलेगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन ब्रह्माकुमारी संस्थान की संचालिका बीके राजमती, वरिष्ठ रंगकर्मी कमल बोस, रीना सहाय और रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के नाट्य महोत्सव रंगमंच की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।

महोत्सव के पहले दिन झारखंड फिल्म एंड थिएटर अकादमी की प्रस्तुति ‘इंतकाम-ए-मुगले आजम’ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। केशव दुबे द्वारा लिखित और राजीव सिन्हा द्वारा निर्देशित इस नाटक में सत्ता, प्रेम, संघर्ष और आत्मसम्मान जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने नाटक की सराहना करते हुए तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर देवपूजन ठाकुर, अशोक गोप, ऋषिका कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story