कल्याण विभाग प्रोजेक्ट सामर्थ्य के तहत लगाएगा विशेष कैंप
रामगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। डीसी ऋतुराज ने मंगलवार को जिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले जिला कल्याण पदाधिकारी से पूर्व के बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में हुए कार्यों के बारे में पूछा। इस दौरान डीसी ने साइकिल वितरण योजना, छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम से संबंधित मामले, कब्रिस्तान घेराबंदी योजना तथा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
डीसी ने कल्याण विभाग के सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों और पंचायतों में प्रोजेक्ट सामर्थ्य के तहत विशेष कैंप लगाए जाएं, ताकि दूर दराज के क्षेत्र तक योजना की जानकारी लोगों को मिले। योजना से लोग रूबरू रहेंगे तो विभाग से सीधा संपर्क करेंगे। इससे योग्य लाभुकों को की ना सिर्फ पहचान होगी, बल्कि उनके दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें ऑन द स्पॉट लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
इस दौरान डीसी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की भी जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित व्यक्तियों और उनके आश्रितों को निर्धारित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा राशि बिना किसी विलंब के सीधे बैंक खाते में भेजने को कहा। साथ ही डीसी में कब्रिस्तान की घेराबंदी योजना की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को तय समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने को कहा।
बैठक में डीडीसी आशीष अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

