अमझरिया घाटी में पाइप लदा ट्रक पलटा, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अमझरिया घाटी में पाइप लदा ट्रक पलटा, चालक की मौत


लातेहार, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित रांची–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग के अमझरिया घाटी में रविवार को लोहे के पाइप से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत चालक की पहचान राम सेवक पाल, विश्रामपुर पलामू के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल उप चालक सूरज कुमार, निवासी सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) शामिल है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक राउरकेला से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के लिए लोहे के पाइप लेकर जा रहा था। अमझरिया घाटी में एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक में लदे भारी लोहे के पाइप आगे की ओर खिसक गए और चालक केबिन में दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया। चालक के शव को केबिन से बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

Share this story