घर में चोरी करते धराया चोर, पुलिस ने भेजा जेल

WhatsApp Channel Join Now
घर में चोरी करते धराया चोर, पुलिस ने भेजा जेल


रामगढ़, 30 मई (हि.स.)। शहर के दुसाध मुहल्ला, नेताजी रोड में चोरी करने गए एक चोर की दाल नहीं गली। वह जिस घर में चोरी करने के लिए घुसा था, वहीं पकड़ा गया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने शनिवार को बताया कि दुसाध मुहल्ला निवासी विकास पासवान के घर में दो चोर चोरी करने के लिए घुसे थे। अचानक घर में समान गिरने की आवाज आई तो विकास पासवान का भाई अपने कमरे से बाहर निकला। उसने दो लोगों को सीढ़ी से होकर भागते हुए देखा। इस दौरान उसने शोर मचाया और एक चोर को पकड़ लिया।

जैसे ही पुलिस को सूचना मिली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चोर को गिरफ्तार कर लिया। आराेपित ने पूछताछ के दौरान अपना नाम गोलू कुरेशी बताया है। वह रामगढ़ शहर के ही गोलपार, तिरंगा चौक का निवासी है। जब घर में छानबीन की गई तो पता चला कि एक मोबाइल और 10 हजार रुपए नगद गायब हैं। छानबीन के दौरान घर से बाहर मोबाइल तो मिल गया, लेकिन राशि बरामद नहीं हो पाई। आरोपित को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story