रेड क्रॉस सोसाइटी लगातार कर रही कांवरियों की सेवा

WhatsApp Channel Join Now

देवघर, 10 अगस्त (हि.स.)।

श्रावणी मेला के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर की ओर से कांवरियों की सेवा लगातार जारी है। नेहरू पार्क में संचालित नि:शुल्क सेवा शिविर में संस्था के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और आजीवन सदस्य दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं।

शिविर में कांवरियों के लिए शुद्ध पेयजल, शर्बत और फलाहार की व्यवस्था की गई है। संस्था के कार्यकारी सदस्य सह नि:शुल्क सेवा शिविर के समन्वयक देवनंदन झा उर्फ नुनु झा एवं सुरेशानंद झा ने बताया कि चेयरमैन जितेश राजपाल के नेतृत्व में संस्था की ओर से कांवरियों की सेवा पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि नेहरू पार्क स्थित सेवा शिविर में जहां श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल, शर्बत और फलाहार उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं चिकित्सा सुविधा भी मुहैया कराई जा रही है। इसके लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से दो टोटो एम्बुलेंस चिकित्सा कर्मियों और आवश्यक दवाइयों के साथ तैनात किए गए हैं।

सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही है। संस्था के सदस्यों ने बताया कि कांवरियों की सुविधा को देखते हुए यह सेवा लगातार जारी रहेगी और पूरे श्रावणी माह तक श्रद्धालुओं की सेवा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story