झारखंड की जनता के लिए फिर उलगुलान की जरूरत : आजसू
रांची, 09 जून (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर आजसू पार्टी की ओर से मंगलवार को रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित की गई। इस मौके पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने महान जननायक भगवान बिरसा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर आजसू नेताओं ने झारखंडी जनता के हक, सम्मान और पहचान के संघर्ष के लिए फिर से उलगुलान छेड़ने का आह्वान किया। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत और केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की और बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके अद्वितीय योगदान को स्मरण किया।
मौके पर डॉ देवशरण भगत ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने शोषण, अन्याय और दमन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकार और अस्मिता की रक्षा का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक न्याय एवं आत्मसम्मान की लड़ाई का प्रतीक है। आज के दौर में उनके विचार और संघर्ष समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
वहीं प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सामाजिक समरसता, जनभागीदारी और मूलवासी-आदिवासी हितों की रक्षा के प्रति सभी को प्रतिबद्ध होना होगा। आजसू पार्टी हमेशा उनके आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित रही है।
श्रद्धांजलि सभा में पार्टी के केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय प्रवक्ता ज्ञान सिन्हा, कुमुद वर्मा, सुरेंद्र लिंडा, ओम वर्मा, प्रभात सिंह, डॉ पार्थ पारितोष, अब्दुल जब्बार अंसारी, प्रताप सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

