देवघर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने की जिम्मेदारी भी हमारी : महापौर

WhatsApp Channel Join Now
देवघर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने की जिम्मेदारी भी हमारी : महापौर


देवघर, 14 जून (हि.स.)। नगर निगम के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच शनिवार को कुछ हड़ताली कर्मियों की ओर से टॉवर चौक सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कचरा फैलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस घटना की शहरवासियों ने कड़ी आलोचना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपनी मांगों को मनवाने के लिए इस प्रकार का विरोध प्रदर्शन उचित नहीं है और इससे शहर की छवि धूमिल होती है। रविवार को इस घटना से आहत होकर नगर निगम के महापौर रवि राउत स्वयं झाड़ू लेकर सफाई अभियान में उतर गए। उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में फैले कचरे की सफाई की। इस दौरान कई पार्षद, उनके प्रतिनिधि, निगम अधिकारी, कर्मचारी और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

महापौर रवि राउत ने कहा कि देवघर हमारा शहर है और इसे स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाए रखने की जिम्मेदारी भी हमारी ही है। हड़ताली सफाईकर्मियों की ओर से मुख्य बाजारों में फैलाई गई गंदगी की सफाई के लिए हम सभी सामूहिक रूप से आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा वैद्यनाथ की पवित्र नगरी की पहचान उसकी स्वच्छता, सुंदरता और सामाजिक एकता से है।

शहर की छवि खराब करने वाले ऐसे कृत्य लोगों की मानसिकता को उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि बयानों की सफाई नहीं, बल्कि साफ दिल और सकारात्मक मनोदशा ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान होती है। सफाई अभियान में पार्षदों, युवाओं, नगर के प्रबुद्ध नागरिकों तथा नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और शहर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story